अधिकारियों की लापरवाही से बिसुही नदी पर बनी पुलिया बीती रात टूट गई, जिससे इस सड़क से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। इस सड़क से होने वाले आवागमन की चेतावनी अमर उजाला ने दो बार जारी की। इसके बावजूद पीडब्लूडी, आरईएस व खुद जिला प्रशासन इससे अपनी नजरें छुपाए बैठा रहा और अंतत: नतीजा यह हुआ कि जैसे ही इस पुलिया से होकर एक भारी वाहन गुजरा कि पूरी पुलिया जमीदोज हो गई।
पुुलिया टूटने से जहां छोटे-बड़े सभी वाहनों का आवागमन इस रूट पर पूरी तरह से बंद हो गया है तो वहीं दुपहिया व पैदल यात्रियों की मुश्किलें भी इससे काफी हद तक बढ़ गई हैं।
आर्यनगर से गोकरनशिवाला होते हुए महराजगंज को जाने वाली 22 किलोमीटर सड़क पर बनी पुलिया सोमवार रात अज्ञात वाहन के पुलिया से होकर गुजरने के दौरान टूट गई।
गोंडा से बलरामपुर को जोड़ने वाली इस सड़क का ज्यादातर इस्तेमाल लोग शॉर्टकट के रूप में किया करते थे। जिसका हाल ही में 62 करोड़ रुपये की लागत से पीएमजीएसवाई (प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना) में निर्माण कराया गया था।
लेकिन निर्माण के 50 साल बाद भी पुरानी पुलिया का न तो नवनिर्माण किया गया और न ही उसकी कोई मरम्मत कराई गई। जबकि बलरामपुर रोड के जर्जर होने के कारण उस रोड का सारा ट्रैफिक भी इसी रोड पर डायवर्ट हो गया।
रोड पर भारी वाहनों का आवागमन देख आरईएस (ग्रामीण अभियंत्रण विभाग) ने इस पुलिया पर एक संकेतक लगा दिया। जिसमें लिखा था कि पुलिया क्षतिग्रस्त है, इसलिए भारी वाहन इससे होकर न आएं-जाएं। बावजूद इसके उन वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा और नतीजा हुआ कि हफ्ते भर पहले पुलिया में दरार आ गई और सड़क के बोचीबीच गड्ढा हो गया।
उधर, पुलिया के जर्जर होने से लेकर पुलिया में आई दरार तक की खबर अमर उजाला ने प्रकाशित कर आरईएस, पीडब्ल्यूडी व जिला प्रशासन की नींद खोलने का काम तो किया। लेकिन किसी की नींद नहीं खुली और सोमवार की रात जैसे ही किसी भारी वाहन का आवागमन इस पुल से हुआ कि पुलिया बीचोबीच से टूटकर बिसुही नदी में जा समाई। पु
लिया टूटने से जहां इस सड़क से होने वाला चौपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है तो वहीं दुपहिया व पैदल यात्रियों की मुश्किलें भी इससे काफी हद तक बढ़ गई हैं।
आर्यनगर से महराजगंज जाने वाली सड़क पर ही बड़े शिवलिंग वाला मंदिर पृथ्वीनाथ भी पड़ता है। जिस पर बनी पुलिया के टूट जाने से पृथ्वीनाथ मंदिर आने-जाने वाले लोगों की समस्याएं भी काफी हद तक बढ़ गई हैं। पुलिया के बोचीबीच से टूट जाने के कारण इस सड़क पर दुपहिया, चार पहिया वाहन तो एक तरफ पैदल आने-जाने तक की समस्या खड़ी हो गई है।
जानकारों की मानें तो पुलिया टूटने से इस सड़क से होकर खरगूपुर बाजार सहित बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, इकौना जाने-आने वाले लोगों की समस्याएं काफी हद तक बढ़ गई हैं।