तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र में सेमरी मोड़-खैरहनिया मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य तथा ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। क्षेत्र वासियों ने मार्ग की मरम्मत नहीं कराए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
खैरहनिया-सेमरी मोड़ मार्ग के निर्माण को लेकर रविवार को धरना-प्रदर्शन के दौरान जिला पंचायत सदस्य नवानगर दीपांकर सिंह ने कहा कि यह मार्ग करीब 27 वर्ष पहले बनवाया गया था।
उसके बाद सड़क की तरफ किसी ने ध्यान नहीं दिया। सड़क पूरी तरह से टूट गई है। इससे गुलरिहा हिसामपुर, मुजेहरा, धन्नौढ़ा व मैनवा आदि गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि कि चार साल से मार्ग मरम्मत की मांग क्षेत्रीय सपा विधायक से कर रहे है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रधान विजय सिंह, राम निवास यादव, कृष्ण कुमार वर्मा, राम कुमार सिंह, तारबाबू, ईश्वर नंद वर्मा व अन्य लोगों ने मार्ग निर्माण नहीं होने पर आंदोलन करने की बात कही।