गोंडा। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर बुधवार को वजीरगंज पुलिस की मौजूदगी में नायब तहसीलदार तरबगंज ने दो गैंगेस्टर की आठ लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क की है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि चलाए जा रहे ऑपरेशन गैंगेस्टर अभियान के दौरान गैंगेस्टरों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों व थानाध्यक्षों को दिए गए थे।
एसपी ने बताया कि वजीरगंज पुलिस ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत थाना वजीरगंज क्षेत्र के छोटा दरवाजा के रहने वाले गैंगेस्टर पंकज उर्फ कल्लू व राजकुमार के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एसपी ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट मार्केडेय शाही ने अपराध से अर्जित दोनों गैंगेस्टर की चल अचल संपति कुर्क करने के आदेश पारित किए थे। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर बुधवार को नायब तहसीलदार तरबगंज ने वजीरगंज पुलिस की मौजूदगी में गैंगेस्टर पंकज उर्फ कल्लू व राजकुमार की आठ लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क की है।
एसपी ने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति में एक मारुति कार, दो बाइक व बैंक में जमा चार लाख रुपये ए समेत कुल आठ लाख की संपत्ति शामिल है। एसपी ने बताया कि गैंगेस्टर के अन्य आरोपियों की भी कुंडली खंगाली जा रही है। उनकी भी अपराध से अर्जित की गई संपत्ति कुर्क करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजी जाएगी।