शराब पीकर बहकना अब शौकीनों को भारी पड़ेगा। उन्हें सीधे हवालात की सैर करना पड़ेगी। इसके लिए जिले में संचालित सभी 395 मॉडल शॉप व शराब की फुटकर दुकानों की निगरानी खुफिया कैमरों से होगी। निगरानी के लिए दुकानों पर क्लोज सर्किट कैमरे लगाना जरूरी होगा ताकि शराब पीकर बहकने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई के घेरे में लाया जा सके।
आबकारी विभाग ने लाइसेंस पर इस समय जिले में अंग्रेजी, देसी व बीयर की 395 दुकानें संचालित हैं। इनमेें से शहरी क्षेत्र में पांच मॉडल शॉप के साथ ही तहसील करनैलगंज एवं तहसील मनकापुर में एक-एक मॉडल शॉप भी हैं।
विभागीय अधिकारियों ने मॉडल शॉप व शराब की दुकानों पर शराब पीकर बहकने वालों से निपटने के लिए शराब की दुकानों पर क्लोज सर्किट कैमरा लगवाना अब जरूरी कर दिया है। इस संबंध में सभी लाइसेंसधारी दुकान संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वह जल्दी मॉडल शॉप समेत फुटकर बिक्री की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा लगवाना सुनिश्चित कराए। शराब की दुुकानों पर लगने वाले कैमरों की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी आबकारी निरीक्षकों के जिम्मे रहेगी।
जनपद के सात मॉडल शॉप में अंदर चार तो एक कैमरा बाहर की ओर लगेगा। इसके साथ ही शराब की दुकानों मेें अन्दर दो तो एक कैमरा बाहर से आने व दुकान से बाहर जाने वालों पर नजर रहेगी। सभी कैमरे उच्च क्वालिटी के लगाए जाएंगे। जिसमें कैद होने वाली फुटेज को आसानी से देखा जा सके। इसके साथ ही बवाल करने वालों की पहचान में दिक्कत न आने पाए।