गोंडा/लखनऊ। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) गोंडा में मेट व लेबर की भर्ती के नाम पर करीब 50 बेरोजगारों से एक करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बुधवार रात लखनऊ की पीजीआई पुलिस ने फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए एक जालसाज को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले। पकड़ा गया जालसाज खुद को मजदूर ट्रेड यूनियन का नेता बता रहा है। फर्जीवाड़ा वर्ष 2005 से 2009 के बीच किया गया है।
पीजीआई थाने के एल्डिको चौकी प्रभारी राय साहब द्विवेदी ने बताया कि एक अक्तूबर 2012 को एल्डिको काॅलोनी के रक्षाखंड निवासी व आइसक्रीम फैक्ट्री संचालक उपेंद्र विक्रम सिंह ने पीजीआई थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया था कि वर्ष 2005 से 2009 के बीच खुद को एफसीआई मजदूर ट्रेड यूनियन का नेता बताने वाले अंबेडकरनगर में मालीपुर के भिठौली खालिसपुर निवासी रामधारी यादव, गोंडा एफसीआई यूनिट का मेट रामनाथ एवं एल्डिको काॅलोनी के आशीर्वाद खंड के मनोज कुमार श्रीवास्तव ने एफसीआई गोंडा में मेट व लेबर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 50 बेरोजगार युवकों से रुपये ऐंठे। काफी समय बीतने के बाद भी बेरोजगारों को न तो नौकरी मिली और न ही उन्हें रकम वापस की गई। रकम मांगने पर आरोपियों ने बेरोजगार युवकों को धमकी दी थी। चौकी प्रभारी की मानें तो बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी रामधारी यादव को दबोच लिया। हालांकि, दो आरोपी मनोज और रामनाथ भाग निकले। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम गोंडा भेजी है।