नंदगंज। थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में बुधवार की सुबह सात बजे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। वह नहाने के लिए सबमर्सिबल चलाने के लिए तार को बिजली के बोर्ड में लगा रहा था। हादसे के बाद परिवारीजनों के रोने-बिलखने से सन्नाटा पसर गया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बाजार निवासी जयप्रकाश गुप्ता का पुत्र अमन गुप्ता (20) नहाने के लिए घर में सबमर्सिबल चलाने के लिए बिजली का तार बोर्ड में लगा रहा था। इसी दौरान तार का एक हिस्सा उसके पैर पर गिर पड़ा। वह करेंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। जब तक परिवारीजनों को घटना की जानकारी होती युवक की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। अमन चोचकपुर तिराहे पर स्थित मिठाई की दुकान में अपने पिता का हाथ बंटाने के साथ सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह दो बहन तथा दो भाइयों में सबसे छोटा तथा काफी मिलनसार था। हादसे के बाद से मृतक की मां पूनम देवी तथा बहनों के बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। इधर घटना की जानकारी होते ही चोचकपुर तिराहे पर स्थित मिठाई की दुकानें शोक में बंद हो गईं। भीड़ दरवाजे पर लगी रही और लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।