करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोसलपुर गांव में छठ पूजा के लिए वेदी बनाने गया किशोर टौंस नदी में डूब गया। उसका दूसरे दिन भी पता नहीं सका है। पुलिस टीम तलाश में जुटी रही लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है।
गांव निवासी सूरज भान सिंह (15) बीते 10 नवंबर को दोस्तों के साथ टौंस नदी के किनारे वेदी बनाने गया था। वेदी बनाने के बाद वह स्नान करने लगा। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नदी में समा गया। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इकलौते पुत्र के डूबने की जानकारी होते ही माता- पिता रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए थे। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। दूसरे दिन भी पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों एवं नाविकों के सहारे किशोर की तलाश में जुटी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इधर परिवार के लोग नदी के किनारे पूरी रात तक किशोर की तलाश में जुटे रहे, लेकिन अब तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। ऐसे में मां शीला देवी एवं गौतम सिंह पुत्र की तलाश में दो दिनों से टौंस नदी के किनारे ही बैठकर बिलख रहे थे। जमानिया सीओ रविंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि किशोर की तलाश चल रही है। गोताखोरों एवं नाविकों की मदद से तलाश जारी है।