मौधा/सुहवल। गांधी जयंती के अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ की यह घोषणा कि अगर किसी निजी स्कूल में एक ही घर की दो बहनें एक साथ पढ़ती हैं तो स्कूल प्रबंधन को उनमें से एक की फीस माफ करनी होगी। इसको अमल में लाने के लिए जिले के बेसिक शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो विभाग जल्द ही एक टीम तैयार करेगा जो जिले के निजी स्कूल संचालकों से बातचीत कर आगे की कार्ययोजना तैयार करेगा।
कोरोना संक्रमण के दौर से गुजर रहे अभिभावकों ने जहां एक ओर प्रदेश सरकार के इस फैसले का स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर जिले के शिक्षा विभाग ने भी एक कार्य योजना बनाकर इसे अमल में लाने की तैयारी शुरू कर दी है। बीएसए हेमंत राव ने बताया कि कक्षा बारहवीं तक के लिए कस्तूरबा विद्यालयों को पहले ही अपग्रेड किया जा चुका है। ताकि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। बताया कि सीएम के निर्देश के अनुपालन में बेसिक शिक्षा विभाग कार्य योजना बनाने में जुट गया है।