गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी सैलून संचालन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना के चंद्रावती बाजार स्थित एक मकान में मिलने की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग रोते-बिलखते चौबेपुर थाना के लिए रवाना हो गए।
खरौना गांव निवासी रमेश शर्मा (40) तीन भाईयों में सबसे छोटा था। वह सिधौना बाजार में सैलून संचालित कर परिवार का पालन पोषण करता था। ग्रामीणों ने बताया कि रमेश शनिवार की देर शाम पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इससे गुस्से वह कही परिजनों से बिना बताए चला गया था। चौबेपुर थाना पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि चंद्रावती बाजार में सड़क के किनारे के मकान की चहारदीवारी में रमेश मृत मिला है। जानकारी होते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। इधर पति के मौत की जानकारी होते ही पत्नी रागिनी अपने सात वर्षीय पुत्र और पांच वर्षीय पुत्री को लेकर दहाड़े मारकर रोने-बिलखने लगी। बाजारवासियों ने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज में डूबा रमेश हमेशा परेशान होकर शराब का सेवन करता रहता था। इधर चौबेपुर पुलिस ने परिजनों के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।