भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) तथा अखिल भारतीय किसान महासभा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जखनिया बाजार में सड़क पर जलभराव में धान रोपकर विरोध जताया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने जन समस्याओं को नजरंदाज कर दिया है। यहां तहसील मुख्यालय है तथा गांवों के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। गड्ढायुक्त सड़क होने के कारण लोग अक्सर गिरकर घायल हो रहे हैं। जखनिया से लेकर रायपुर बाजार सहित बहरियाबाद पानी टंकी से पलिवार और भरतपुर की ओर जाने वाली सड़क पर बिना बरसात के जलभराव हुआ है। चेतावनी दी कि अगर अधिकारी तत्काल सड़क निर्माण नहीं कराते हैं तो भाकपा माले आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।
अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह ने कहा कि किसानों के धान की रोपाई पानी के अभाव में नहीं हो रही है। जो धान की रोपाई हुई है वह शारदा सहायक नहर में पानी न आने के कारण सूख रही है। उन्होंने तहसील एवं जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर नहर में टेल तक पानी शीघ्र पहुंचाने की प्रशासन गारंटी नहीं देता है तो किसान महासभा संघर्ष को तेज करने की तैयारी करेगी।