गाजीपुर। कोरोना के चलते बंद चल रहे सरकारी व प्राइवेट प्राथमिक विद्यालय एक सितंबर से खुलेंगे। प्राथमिक शिक्षा विभाग इसकी तैयारियों में जुट गया है। प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक अपने-अपने स्कूल परिसर और कक्षाओं की सफाई और साज सज्जा में जुट गए हैं। वहीं अभिभावकों ने प्राथमिक स्कूल खोलने के फैसले का स्वागत किया है। साथ ही कहा है कि वे बच्चों को सुरक्षा उपायों के साथ स्कूल भेजेंगे।
पहली सितंबर से प्राथमिक स्कूल खोलने के आदेश के बाद जिले के अधिकतर विद्यालयों में सफाई और कक्षाओं के सैनिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। विद्यालय फूल, मालाओं और गुब्बारों से सजाए भी जा रहे हैं। कक्षाओं में बच्चों को सामाजिक दूरी के हिसाब से बैठाने की व्यवस्था की जा रही है। शिक्षा अधिकारियों के अनुसार सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही छह फीट की दूरी पर बैठने के साथ ही सभी शिक्षण संस्थानों को स्वच्छता और बच्चों की थर्मल स्क्रीनिंग कराना अनिवार्य होगा। चूंकि अब कोरोना की दर काफी घट चुकी है और टीकाकरण का काम भी जोरों पर है। ऐसे में पहली सितंबर से प्राथमिक विद्यालयों को खोलने के फैसले का अभिभावकों ने भी स्वागत किया है। अभिभावकों का कहना है कि वे अपने बच्चों को सुरक्षा उपायों के साथ विद्यालय भेजेंगे। वहीं प्रधानाध्यापकों का कहना है कि विद्यालयों में कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजेशन आदि की व्यवस्था होगी।
प्राथमिक स्कूल खोलने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्कूलों में मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी का पालन किया जाएगा। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने और शत-प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।-हेमंत राव, बेसिक शिक्षा अधिकारी
एक सितंबर से प्राथमिक स्कूलों को खोलने का सरकार का निर्णय सराहनीय है। बच्चों को विद्यालय में पढ़ाना जरूरी है ताकि उनकी बेहतर तैयारी हो सके।- अवनीश यादव, प्रधानाध्यापक
कोरोना को देखते हुए हरसंभव सतर्कता और सावधानी बरती जाएगी। कक्षाओं में प्रवेश के पहले बच्चों और अध्यापकों के हाथों को सैनिटाइज किया जाएगा। कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।- मोहन यादव, प्रधानाध्यापक
प्राथमिक स्कूलों को कोरोना गाइडलाइन के तहत पढ़ाई कराने की व्यवस्था है लेकिन हम सुरक्षा उपायों के साथ ही बच्चों को स्कूल भेजेंगे।- दिनेश यादव, अभिभावक
स्कूल खुलने की सूचना से बच्चे और अभिभावक उत्साहित है। अब बच्चे स्कूल में ठीक से पढ़ सकेंगे। प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य और शिक्षकों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करना होगा। -अनिल सिंह, अभिभावक