राजकीय मेडिकल कालेज गाजीपुर के प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि शासन द्वारा पत्र प्राप्त हो चुका है। 30 जुलाई को लोकार्पण तिथि पर मुहर लग चुकी है। प्रधानमंत्री सिद्धार्थनगर से वर्चुअल मेडिकल कालेज का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारी तेज कर दी गई है।
राजकीय मेडिकल कालेज का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि फर्नीचर आदि का 20 प्रतिशत कार्य शेष है। इसे पूरा करने में कार्यदायी संस्था जुटी हुई है। बीते माह लखनऊ में हुई बैठक के दौरान शासन ने शेष कार्यों को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद कार्यदायी संस्था के अधिकारी और कर्मचारी कार्य को पूर्ण कराने में जुट गए हैं।
गाजीपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज में छह विभागाध्यक्षों की तैनाती बृहस्पतिवार को हो गई। इनमें ईएनटी, कम्युनिटी मेडिसिन, बायो केमेस्ट्री, पैथोलॉजी, मानसिक रोग एवं एनेस्थीसिया विभाग के शामिल हैं। अब आचार्य, सह आचार्य और सहायक आचार्य की संख्या जहां 19 पहुंच गई है। वहीं जूनियर डॉक्टरों की संख्या 50 है। हालांकि छात्रों के दाखिले एवं मेडिकल की पढ़ाई शुरू करने की कोई तिथि नहीं तय है लेकिन तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
सीएमओ कार्यालय के परिसर में बन रहे 300 बेड के राजकीय मेडिकल कालेज के अस्पताल में ओपीडी संचालन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जुलाई के अंतिम सप्ताह तक कार्यदायी संस्था भवन के दो तल का निर्माण कार्य पूर्व कर सुपुर्द कर देगी। इसके बाद राजकीय मेडिकल कालेज के विभागाध्यक्ष एवं जूनियर डॉक्टर ओपीडी का संचालन करेंगे। इससे आमजन को चिकित्सकीय सुविधा का लाभ आसानी से मिल सकेगा।