दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के सिखड़ी गांव के पास हमीद मार्ग पर मंगलवार को अज्ञात वाहन के धक्के से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। जबकि चचेरा भाई घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर हादसे के बाद परिजनों के रोने-बिलखने से ग्रामीणों की दरवाजे पर भीड़ एकत्र हो गई, लोग उन्हें सात्वंना देकर शांत कराने में जुटे रहे।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के देवकठिया गांव में त्रिलोकी नाथ गुप्ता (50) अपने चचेरे भाई दिलीप के साथ आजमगढ़ पुत्री सपना के घर तीज का सामान देने गए थे। वहां से वह देर शाम वापस घर आ रहे थे। जलालाबाद शहीद चौक पर पान खाने के बाद हेलमेट उतारकर पीछे बैठे चचेरे भाई दिलीप को दे दिए और बाइक चलाने लगे। जैसे ही वह हमीद मार्ग स्थित सिखड़ी गांव के पास पहुंचे अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से धक्का मार दिया। इस घटना से त्रिलोकी एवं दिलीप बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को एंबुलेंस से मनिहारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहां से डाक्टर ने घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल त्रिलोकी नाथ गुप्ता को वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी ले जाते समय घायल ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजन रोने-बिलखने लगे। थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ अज्ञात वाहन को चिन्हित करने के साथ चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।