गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना के पास स्थित बड़ी नहर में शुक्रवार की शाम दोस्तों के साथ नहाने के दौरान युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने तलाश के 12 घंटे बाद डूबे युवक का शव को निकाला।
जानकारी के अनुसार, दिलदारनगर का रहने वाला राहुल यादव(18) पुत्र रामभजन यादव अपने दोस्तों के साथ शुक्रवार की शाम को बड़ी नहर में नहा रहा था। उस दौरान वह गहरे पानी में चला गया। जब वह डूबने लगा तो दोस्त शोर मचाने लगे।
इसके बाद आसपास के लोग और उसके परिजनों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस डूबे युवक की तलाश करने में जुट गई। दूसरे दिन यानी शनिवार को करीब 12 घंटे बाद शव को नहर से निकाला गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राहुल यादव अपने दो भाइयों में बड़ा था। घटना के बाद गांव और घर में कोहराम मचा हुआ है।