लोनेपुर मटखन्ना में
शुक्रवार की रात नशे में धुत होकर पड़ोसी के घर में घुसकर अभद्रता करने से
गुस्साए लोगों ने धारदार हथियार से वार करके युवक की हत्या कर दी। मामले
में युवक के चचेरे भाई ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस
ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप के अनुसार मटखन्ना निवासी
दीपू यादव (25) शुक्रवार देर रात शराब के नशे में धुत होकर पड़ोसी के घर
में घुस गया। इसके बाद अनाप-शनाप हरकतें करने लगा। बताया जाता है कि इसी को
लेकर विवाद बढ़ गया और पड़ोस के लोगों ने गुस्से में लाठी-डंडे और धारदार
हथियार से दीपू पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होकर दीपू ने
पड़ोसी के घर में ही दम तोड़ दिया। जानकारी होते ही मौके पर भीड़ जुट गई।
दीपू के परिवार के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने दीपू के परिवार और पड़ोसियों
से पूछताछ करने के बाद शव कब्जे में ले लिया। दीपू के चचेरे भाई अरविंद
यादव ने चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पुनवासी
प्रजापति और उसकी पत्नी कांती देवी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो आरोपियों
की तलाश जारी है।