गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के सनबाजार (किला कोहना) निवासी सराफा कारोबारी सुशील वर्मा की गोली मारकर हत्या और लूट की घटना से कारोबारियों के साथ ही नगरवासी गुस्से में हैँ। शनिवार को हत्यारों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। लोग पीड़ित परिवार को 25 लाख की आर्थिक सहायता देने, पत्नी को नौकरी और कातिलों को तत्काल जेल के अंदर डालने की मांग पर डटे हुए थे। नगरवासियों ने पहले नखास और बाद में श्मशानघाट पर शव रखकर सड़क जाम किया। जाम की सूचना पाकर सदर विधायक संगीता बलवंत के आश्वासन पर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक सुशील वर्मा का शव दिन के ग्यारह बजे जैसे ही घर पहुंचा, आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को 25 लाख मुआवजा, पत्नी को नौकरी और हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर नखास तिराहा पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी महिपाल पाठक कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने में जुट गए, लेकिन लोग मौके पर सक्षम अधिकारी को बुलाने की जिद्द पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारी द्वारा कोई ठोस आश्वासन न मिलने पर लोगों ने श्मशानघाट के बाहर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसी बीच सदर विधायक संगीता बलवंत मृतक के घर पहुंची और परिजनों को ढांढस बंधाया। वह सदर एसडीएम के साथ जाम स्थल पर श्मशानघाट पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग हो-हल्ला करते हुए अपनी मांग पर अड़े रहे। विधायक ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री सहायता कोष से पांच से 25 लाख का मुआवजा दिलाने के साथ ही मृतक की पत्नी को नौकरी दिलवाने का प्रयास करेंगी। लोग विधायक से लिखित आश्वासन की मांग कर रहे थे। इस पर विधायक ने कहा कि लिखित देना संभव नहीं है। एक सप्ताह के अंदर मैं अपनी तरफ से पीड़ित परिवार को एक लाख की सहायता प्रदान करुंगी। जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी होगी। फिर करीब दो घंटे बाद लोग शांत हुए और जाम समाप्त किया। बाद में श्मघानघाट पर पहुंचे विधान परिषद सदस्य चंचल सिंह ने पीड़ित के परिवार को आर्थिक सहायता के साथ शीघ्र ही हत्यारों की गिरफ्तारी का परिवार के लोगों को भरोसा दिलाया। इस मौके पर समाजसेवी विवेक सिंह शम्मी, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, सराफा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विजयशंकर वर्मा, सराफा कारोबारी जवाहर लाल वर्मा, दिनेश वर्मा, जयप्रकाश वर्मा, संतोष कुमार वर्मा, अनूप वर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।