गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के भाजपा कार्यालय के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने सराफा कारोबारी सुशील वर्मा (32) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद रुपये तथा आभूषण से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। मृतक के परिजनों का दावा है कि उस बैग में हजारों नकदी तथा 15 लाख से अधिक के आभूषण थे। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं शनिवार को एडीजी ला एंड आर्डर पीवी रामा शास्त्री और आईजी विजय सिंह मिणा जनपद में पहुंचे और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। इसके बाद पीड़ित परिजनों से मिले। अधिकारी द्वय ने एसपी को तत्काल खुलासे का निर्देश दिया। एसपी यशवीर सिंह ने तीन टीमें गठित की हैं। उधर नाराज कारोबारियों ने नखास तिमोहानी, झंडातर और श्मशानघाट पर सड़क जाम कर दिया। जिससे पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के सनबाजार (किला कोहना) निवासी सुरेश वर्मा का बेटा सुशील वर्मा की सिटी रेलवे स्टेशन रोड पर सराफा की दुकान है। रोज की तरह वह शुक्रवार की रात भी दुकान बंद कर बाइक से घर आ रहा था। इसी दौरान करीब नौ बजे रास्ते में भाजपा कार्यालय के पास स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर रुक कर दारू की बोतल खरीदने लगा था। तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने पीछे से सिर में गोली मार दी थी और उसके पास से मौजूद बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी, कोतवाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस घायल को जिला अस्पताल ले गई थी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया था। रात ही में घटनास्थल पर पहुंची फोरेसिंग टीम ने जांच-पड़ताल की। रात में ही पुलिस अधिकारियों ने घटना स्थल के आस-पास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज देखा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस मामले में मृतक के पिता सुरेश वर्मा ने हत्या और लूट की तहरीर दी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर लूट और हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई है। अतिशीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।