सुहवल। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के उतरौली गांव में चोर सोमवार की रात दीवार के सहारे एक मकान में घुसकर कमरे का ताला तोड़ आलमारी में रखे हजारों रुपये के आभूषण सहित छह हजार रुपये नगद उठा ले गए। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई।
गांव निवासी पीड़ित संतोष सिंह ने पुलिस को बताया कि देर शाम रोज की तरह खाना खाने के बाद परिजनों संग छत पर सोने चले गए थे। देर रात किसी काम से जब वह छत से नीचे उतरे तो देखा कि कमरे का ताला टूटा पड़ा हुआ है और मकान का मुख्य दरवाजा खुला है। जब वह कमरे में गए तो सामान बिखरा पड़ा हुआ था। आलमारी खुली और दो अटैची गायब थी। पुलिस को बताया कि आलमारी में रखे 6000 हजार रुपये नगद, 35 हजार रुपए सोने के आभूषण, महत्वपूर्ण कागजात, बेशकीमती कपड़ा चोरों ने उड़ा दिया। घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई। इस संबंध में रेवतीपुर थानाध्यक्ष सुशील कुमार यादव ने बताया कि चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। फिलहाल अभी तक पीड़ित पक्ष की तरफ से किसी तरह की लिखित तहरीर नहीं दी गई है।