गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शुरू होने में महज एक सप्ताह रह गए हैं। ज्यादातर उन्हीं विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है, जिनमें सभी जरूरी इंतजाम हैं। पिछले दिनों हुई केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में शेष केंद्रों पर सीसी कैमरों आदि की व्यवस्था कर ली गई।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 24 मार्च से आयोजित है। इस परीक्षा में दोनों कक्षाओं के एक लाख 49 हजार 701 परीक्षार्थी बैठेंगे। इनके लिए 229 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें नौ राजकीय, 75 एडेड एवं 145 वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र उन्हीं विद्यालयों को बनाया गया है जिन पर सारी भौतिक सुविधाएं उपलब्ध रहीं। इन सुविधाओं की उपलब्धता की जांच जिला और तहसील स्तर पर गठित तीन सदस्यीय समिति की ओर से की गई थी। इसके बाद जब परीक्षा सिर पर आ गई तो दो केंद्रों पर सीसीटीवी एवं डेस्क और बेंच की समस्या सामने आई। बीते दिनों केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में भदौरा स्थित एक केंद्र पर कुछ कक्षों में सीसीटीवी की कमी एवं एक अन्य केंद्र पर डेस्क-बेंच की जरूरत को पूरा कर दिया गया है। कुछ जगहों पर शौचालयों की सफाई के अभाव में दुर्गंध आ रही है। दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के दो केंद्रों पर बुधवार को सीसीटीवी को दुरुस्त कर लिया गया। कुछ केंद्रों पर शुद्ध पीने के पानी की समस्या है। परीक्षा की तिथि जल्द घोषित कर दिए जाने के कारण केंद्रों पर कमी को दूर करने का समय कम मिला लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले शेष कमी पूर्ण कर लेने का दावा किया गया है।
15 केंद्र अति संवेदनशील
गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील के रूप में चिह्नि किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ओपी राय ने बताया कि 15 केंद्र अति संवेदनशील एवं 55 को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।