भांवरकोल। थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास हनुमान मंदिर से पुलिस टीम ने शनिवार की रात ट्रक पर लदे 19 मवेशी और एक बोलेरो बरामद कर लिया। साथ ही दो तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद तस्करों का पुलिस ने चालान कर दिया।
अपराध पर अंकुश एवं तस्करों की धर-पकड़ को लेकर थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम भ्रमण कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी करके रसूलपुर गांव के हनुमान मंदिर के पास से तस्कर जमानिया कोतवाली के सब्बलपुर निवासी संतोष कुमार जायसवाल और जंगीपुर थाना क्षेत्र के बेलवा रसूलपुर निवासी धर्मेंद्र यादव को धर-दबोचा। उनके कब्जे से बोलेरो और ट्रक में लदे 19 मवेशियों को बरामद किया। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों तस्करों का चालान कर दिया गया। जबकि बरामद मवेशियों को गोशाला भेजने की कार्रवाई की जा रही है।