शिकोहाबाद। थाना खैरगढ़ के गांव कुढ़ी में पारिवारिक विवाद के चलते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के 6 बीघा खेत में खड़ी बाजरा की फसल को काट कर नष्ट कर दिया। जब इसका विरोध पीड़ित पक्ष ने किया तो दबंग उसे गाली गलौज करते हुए मारपीट करने पर उतारू हो गए। पीड़ित ने कटी फसल का वीडियो बना कर उसे वायरल कर दिया और इसकी शिकायत एसएसपी से की है।
कुढ़ी निवासी मनोज कुमार ने जिलाधिकारी व एसएसपी को दिए शिकायतीपत्र में कहा है कि उसका इस जमीन पर विगत 50 वर्षों से कब्जा है। विगत वर्ष उप जिलाधिकारी ने उसके पिता ज्ञान सिंह पुत्र रामदयाल के नाम 6 बीघा जमीन का पट्टा किया था। इस बार भी खेत में उसने बाजरा की फसल बोई थी। जब फसल बोई गई थी, तब किसी ने कोई विरोध नहीं किया और ना ही अपनी जमीन पर हक जताया।
लेकिन जब बाजरा की फसल खेत में लहलहाने लगी तो शनिवार को गांव के ही लोगों ने उसकी खड़ी फसल को असलाह के बल पर काट कर खेत में पड़ा छोड़ दिया। जिससे उसके खेत में खड़ी बाजरा की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई। पीड़ित ने कटी हुई फसल का वीडियो बना कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है।