10 निरीक्षक और 12 उपनिरीक्षकों के बदले कार्यक्षेत्र, चुनाव की तैयारी के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। कार्य में लापरवाही बरतने पर एसएसपी ने दो थानेदारों को हटाया है। 10 निरीक्षक और 12 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। स्थानांतरण करने के साथ सभी को चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बृहस्पतिवार रात दस निरीक्षक और 12 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। सर्विलांस व एसओजी में बेहतर काम करने वाले अनुज राणा को पुलिस कप्तान ने ईनाम स्वरुप टूंडला का थाना प्रभारी बनाया है। वहीं टूंडला प्रभारी कुलदीप दीक्षित को अपराध शाखा भेजा गया है। थाना दक्षिण प्रभारी संजय पांडेय को अरांव का प्रभारी और अरांव प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह को दक्षिण प्रभारी, एसएसपी वाचक शिव कुमार चौहान को मक्खनपुर प्रभारी, मक्खनपुर प्रभारी शैलेंद्र चौहान को एसओजी प्रभारी बनाया है। इसके अलावा पांच और निरीक्षक के अलावा 12 उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र बदले हैं। चर्चा है कि तीन दिन पहले मक्खनपुर प्रभारी को हवालात में बिना सीओ को बताए मुल्जिमों को रखने की बात आलाधिकारी को पता चली थी। जिसके कारण वह बैठक में नाराजगी जता चुके थे। वहीं विभागीय अधिकारियों को अपने क्षेत्र के मुस्लिमों व अपराधियों का नाम न बता पाने पर भी उन्होंने थानेदारों पर नाराजगी जताई थी।