फिरोजाबाद। मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने के लिए मरीजों को मशक्कत करनी पड़ रही है। मेडिकल कॉलेज के तीनों गेट सोमवार को बंद कर दिए गए। इस कारण मरीजों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर की ओर से आना पड़ा। कई तीमारदार को दूरी तय करने से बचने के लिए दीवार फांदकर मेडिकल कॉलेज में आने को मजबूर हुए। इसके साथ ही एंबुलेंस में आए मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचने में समय लगा।
मेडिकल कॉलेज का गेट नंबर एक लंबे समय से पूरी तरह बंद है। गेट नंबर दो पर छोटे दरवाजे से लोगों का आवागमन में होता है। इस गेट से एंबुलेंस या मरीजों के वाहनों का प्रवेश नहीं हो पाता है। गेट नंबर तीन भी सोमवार को बंद रहा। इस कारण 700 मीटर से ज्यादा की अतिरिक्त दूरी तय कर मरीज ओपीडी तक पहुंचे। मेडिकल कॉलेज में सोमवार को प्रवेश के लिए खोले गए गेट का मार्ग भी पूरी तरह से जर्जर है। इससे मरीजों को पहुंचने में तकलीफ उठानी पड़ी।
इस बारे में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि एक दिन पूर्व अस्पताल परिसर से बाइक चोरी हो गई थी। चौकी इंचार्ज ने सीसीटीवी खंगाले थे। उन्होंने ही गेट बंद कर अस्पताल परिसर की चेकिंग कराई। हमने पुलिस सहयोग के लिए गेट कुछ घंटों के लिए बंद कराया था। शाम को गेट खोलने के लिए निर्देश दे दिए।