फिरोजाबाद। सुहागनगरी में इन दिनों वायरल और डेंगू का प्रकोप है। सरकारी अस्पताल से लेकर निजी चिकित्सकों के यहां मरीजों की लाइन लगी है। एक बेड पर दो से तीन मरीजों को लेटाकर उपचार किया जा रहा है। इसके बावजूद सुहागनगरी की सड़कों पर गदंगी के ढेर लगे हैं। न तो चूना डाला जा रहा है न ही पानी निकासी की व्यवस्था। ऐसे में जिले में संचारी रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
चंद्रवार गेट की पुलिया आजाद नगर होते हुए रेलवे कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे तक गदंगी के ढेर लगे थे। वहीं एक प्लॉट में भरे पानी की निकासी के लिए नगर निगम ने कोई व्यवस्था नहीं की है। जाटवपुरी चौराहे से रामगढ़ थाने को जाने वाले मार्ग पर भी गंदगी के ढेर लगे हैं। पुराने थाने के आसपास गदंगी के ढेर लगे हैं।
मोहल्ला हाजीपुरा की सड़क पर कूड़ा उठ गया है लेकिन नालियां गदंगी से पटी थी। डलाबघरों पर पड़ने वाले कूड़े से उठने वाली दुर्गंध के कारण क्षेत्रीय लोगों के साथ राहगीरों का निकला दुश्वार हो गया है। नगला पचिया नई आबादी क्षेत्र में भी जलभराव है। आकाशवाणी रोड, कोहिनूर रोड पर भी सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। श्रीराम कॉलोनी निवासी शिव कुमार राठौर ने बताया कि श्रीराम कॉलोनी, हरीनगर, नगला पान सहाय, बालाजी नगर, कमला नगर, लोधीपुरम, मोदीनगर, श्रीपाल कॉलोनी, टापाखुर्द नई आबादी के साथ अन्य क्षेत्रों में बारिश का पानी भरा है। इसकी निकासी के लिए नगर निगम ने कोई व्यवस्था नहीं की।
- जलकल विभाग के पास पंपिंग मशीनों की संख्या - 32
- पानी निकासी को स्थाई रुप से लगाए गए पंप - 19
- अस्थाई रुप से कार्य करने वाले पंपों की संख्या- 13
19 स्थानों पर पंपिंग मशीन स्थाई रूप से लगी है। मंगलवार को 13 स्थानों पर मशीन लगाकर पानी की निकासी कराई गई है। जल्द ही अन्य स्थानों पर पंपिंग मशीन लगाकर पानी की निकासी कराई जाएगी।
रामबाबू राजपूत महाप्रबंधक जलकल विभाग