रफ़रोजाबाद ! बरसात के बाद झलकारी नगर स्थित आनंद नगर नई आबादी में जलभराव की स्थिति
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। नई आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों ने प्लाट खरीद लिया। बाउंड्री बाल कराने के बाद भवन निर्माण नहीं कराया। यह प्लाट बारिश के दौरान क्षेत्रीय लोगों के लिए मुसीबत बन गए हैं। क्योंकि इन प्लाटों में बारिश का पानी एकत्रित होने के साथ बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। इसे लेकर नगर निगम ने प्लांट स्वामियों को नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है।
मंगलवार और बुधवार को हुई तेज बारिश के बीच नई आबादी वाले क्षेत्र जलमग्न हो गए। गलियों से लेकर घरों तक में भरा पानी नगर निगम ने पंपिंग मशीनों से निकलवाया, मगर, प्लाट आज भी तालाब बने हुए हैं। प्लाटों में भरा पानी जहां पड़ोस में बने मकानों की नींव कमजोर कर रहा है वहीं संक्रमण रोगों के फैलने का खतरा है।
नगला पचिया, ककरुऊ कोठी, श्रीपाल कालोनी, मोमिन नगर, छपरिया, दुर्गेश नगर व उर्दू नगर के आसपास प्लाटों में पानी भरा है। इन क्षेत्रों में लोगों ने प्लाट खरीदने के साथ उसकी बाउंड्री बाल कराकर छोड़ दिया लेकिन पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की। इसे लेकर नगर निगम के अफसरों ने प्लाट स्वामियों को चिह्नित करके नोटिस देने की तैयारी कर ली है, जिससे प्लाटों में भरे पानी की निकासी कराई जा सके।
जिन प्लाटों से पानी की निकासी नहीं हो सकी और न ही प्लाट स्वामी पानी की निकासी को इंतजाम कर रहे है। उनको चिह्नित कर नोटिस जारी किया जाएगा जिससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
विजय कुमार नगर, आयुक्त, नगर निगम