फिरोजाबाद। फिरोजाबाद नर्सिंग कॉलेज की मैनपुरी के औंछा क्षेत्र की निवासी जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया। छात्रा ने प्रेमी द्वारा ब्लॉक किए जाने से आहत होकर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की थी। मृतका के दूर के रिश्तेदार एवं प्रेमी अमन को हिरासत में ले लिया है, जिसे आज यानी मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, नामजद कॉलेज संचालक और उसके बेटे को पुलिस ने क्लीनचिट दे दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सिरसागंज क्षेत्र के रहने वाला अमन, जो लखनऊ के बीबीडी कॉलेज से पॉलिटेक्निक का छात्र है और वर्तमान में अपने गांव आया हुआ था। पिछले दो साल से छात्रा का प्रेमी था और दूर का रिश्तेदार भी लगता था। 27 अक्तूबर की शाम को अमन ने छात्रा का नंबर ब्लॉक कर दिया था। जिसके बाद छात्रा ने उसे कई बार फोन करने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने अमन की बहन और दोस्त को भी फोन लगाया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसी बात से क्षुब्ध होकर छात्रा ने आत्महत्या का कदम उठाया।
घटना के बाद परिजनों ने कॉलेज के प्राचार्य सुरेंद्र दक्ष और उनके बेटे यश दक्ष पर दुष्कर्म के प्रयास व हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस ने कॉलेज संचालक और उनके बेटे की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन निकलवाई। जांच में साफ हुआ कि पिछले दो महीनों से कॉलेज संचालक और उसके बेटे ने छात्रा को कोई फोन नहीं किया था और घटना की रात उनकी लोकेशन व उपस्थिति न तो कॉलेज के पास थी और न ही घटनास्थल पर पाई गई। इसके आधार पर पुलिस ने उन्हें मामले में क्लीनचिट दे दी है।
पुलिस जांच में छात्रा द्वारा स्वयं ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की बात स्पष्ट हो गई है। वह अमन के द्वारा ब्लॉक किए जाने से आहत थी। अमन हिरासत में लिया है। उसेे आज कोर्ट में पेश करेंगे। कॉलेज संचालक और उनके पुत्र की कोई भूमिका नहीं पाई गई है।
- तेजस त्रिपाठी, सीओ सदर