कारोबार के सिलसिले में शिकोहाबाद जा रहे आगरा के रिफाइंड कारोबारी की सोमवार सुबह सड़क हादसे में जान चली गई। मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सांती चौराहे के पास उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। कारोबारी की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
विजय नगर जिला आगरा निवासी बृजमोहन लाल गुप्ता (65) रिफाइंड के थोक व्यापारी थे। छत्ता बाजार में उनकी ब्रजमोहन लाल गुप्ता ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह स्कूटी से सिक्सलेन बाईपास होते हुए शिकोहाबाद तगादा करने के लिए जा रहे थे। सांती चौराहे के निकट अचानक उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी होते ही मृतक कारोबारी के बेटे सुमित कुमार गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता सहित अन्य परिजन रोते बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। मृतक अपने पीछे दो बेटों और एक बेटी को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। सीओ शिकोहाबाद जयविंद गुप्ता ने बताया कि सांती चौराहा के निकट स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने पर आगरा के रिफाइंड कारोबारी की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है।