उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दबंग की दबंगई से परिवार के लोग दहशत में है। वह उस घर की युवती से सरेआम छेड़छाड़ करता है। तमंचा दिखाकर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा है। उसके भय से परिवार के लोग घर में कैद होकर रह गए हैं। रविवार को फिर से छेड़छाड़ की। परिजन ने विरोद किया तो उन्हें पीटा। पुलिस से शिकायत करने पर पुलिस बेपरवाह बनी हुई है।
विज्ञापन
घटना नारखी थाना क्षेत्र के गढ़रिया गांव की है। गांव में दबंग की दहशत से लोगों का जीना दुश्वार है। गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि गांव के युवक की दबंगई के कारण पूरा घर कैद होकर रह गया है। परिजन ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। दबंग जेठ की पुत्री को आए दिन रास्ते पर रोककर परेशान करता है। उससे शादी करने का दवाब बना रहा है।
बताया कि कई बार इसकी शिकायत डायल-112 पर की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। रविवार को आरोपी ने फिर से युवती से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर अपने अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद पीड़ित परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया। उन्हें पीटा। शिकायत पर पुलिस ने फिर से कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता का कहना है कि पुलिस मामले को फर्जी बता रही है। युवक तमंचा लेकर घर में घुस आया। युवती से जबरन शादी करने की धमकी देकर चला गया। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले में जांच की जा रही है। मामला सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।