फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में अवैध रूप से निर्माणाधीन आवासीय कॉलोनी पर शुक्रवार को विप्रा का बुलडोजर चला। विप्रा सचिव की मौजूदगी में हुई कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में निर्माणाधीन अन्य अवैध कॉलोनियों के मालिकानों व डीलर्स में खलबली मच गई। विप्रा की ओर से बगैर मानचित्र कृषि योग्य भूमि पर कॉलोनी निर्माण कराने वालों को कड़ी चेतावनी जारी की है।
नीरज कुमार एवं शिशुुपाल सिंह निवासी ककरउ कोठी थाना उत्तर ने गांव दौलतपुर के पास लगभग 8000 वर्गमीटर क्षेत्र में बगैर मानचित्र स्वीकृति व शिकोहाबाद-फिरोजाबाद विकास प्राधिकरण की एनओसी के आवासीय कॉलोनी का निर्माण करवा रहे थे।
जानकारी मिलने पर प्राधिकरण सचिव नवोदिता शर्मा दल-बल सहित मौके पर जांच के लिए पहुंचे। मौके पर कॉलोनी अवैध पाई गईं। इस पर प्राधिकरण सचिव के निर्देश पर बुलडोजर बुला कर कॉलोनी को मौके पर ध्वस्त कराया गया। कॉलोनी ध्वस्तीकरण के दौरान एसके गुप्ता, सहायक अभियंता सत्यवान, सुनील कुमार राजौरिया, राकेश तोमर और प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।