रफ़रोजाबाद ! धरना देते छपाई मजदूरों की भीड़
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। प्रति तोड़ा पांच रुपये की बढ़ोत्तरी एवं अन्य समस्याओं से जूझ रहे चूड़ी छपाई कामगारों का कार्य बहिष्कार व धरना प्रदर्शन चौथे दिन बुधवार को भी जारी रहा। छपाई श्रमिकों ने सेवायोजकों पर मनमानी का आरोप लगाया है। हालांकि इससे पूर्व मंगलवार को एएलसी ने त्रिपक्षीय वार्ता में समझौता होने की बात कही थी।
चूड़ी छपाई कार्य से जुडे़ हजारों कारीगर कई वर्ष से न्यूनतम मानदेय में बढ़ोत्तरी की मांग कर रहे हैं। चूड़ी छपाई कामगारों के अनुसार, चूड़ी कारोबार से जुडे़ जुडा़ई, झलाई, सदाई और अन्य कारीगरों के मानदेय में प्रति तोड़ा छह रुपये तक की बढ़ोत्तरी हो चुुकी है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि और शासन आर्थिक संकट झेल रहे चूड़ी छपाई कामगारों की सुध नहीं ले रहे हैं।
बुधवार को छपाई कामगार बुधवार को मोहल्ला बगिया स्थित पार्क में एकत्रित हुए। धरने पर बैठे चूड़ी छपाई कामगारों ने प्रति तोड़ा पांच रुपये मेहनताना बढ़ाने, प्रति तोड़ा 12 चूड़ी टूट फ्री देने की मांग दोहराई अन्यथा की स्थिति में धरना प्रदर्शन और तेज करने की चेतावनी जारी की। धरने पर हाकिम सिंह निमोरिया, हाजी साकिब, तनवीर, शोएब सहित सैकड़ों छपाई कामगार मौजूद रहे। इस दौरान श्रम विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
---
सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में मंगलवार को हुई वार्ता में सेवायोजक मौजूद थे। हालांकि चूड़ी छपाई कामगारों के अधिकृत संगठन का कोई जिम्मेदार पदाधिकारी वहां मौजूद नहीं था। तीन सूत्री मांग पूरी होने तक धरना व कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
तनवीर चूड़ी छपाई कामगार