फिरोजाबाद। जैन नगर खेड़ा क्षेत्र के चंद्र शेखर स्कूल वाली गली में शुक्रवार रात 10 बजे एक घर में कुछ असामाजिक तत्वों ने सुतली बम फेंक दिया। घर की गेलरी में रखी वाशिंग मशीन का एक हिस्सा टूट गया। इलाकाई लोगों की माने तो आसपास के तीन घरों में इस तरह की हरकत की गई है।
गृहस्वामी अक्षय देवी ने बताया कि हम सभी परिवार के सदस्य रात करीब दस बजे अंदर के कमरे में बैठे हुए थे कि अचानक बहुत जोर की आवाज हुई और हम सभी लोग एकदम सन्न रह गए। उन्होंने बताया की आवाज सुनते ही मेरा बेटा गैलरी में गया तो देखा कि वाशिंग मशीन टूटी पड़ी है। पास में एक सुतली बम फटा पड़ा है। बम के फटने से पूरे घर में धुआं हो गया। वहीं दूसरी घटना उसी समय प्रदीप कुमार गुप्ता के निवास पर घटी। दरअसल उसी गली में प्रदीप कुमार गुप्ता का मकान बन रहा है एवं उन्होंने अभी हाल ही में नया बिजली का मीटर लगवाया है। असामाजिक तत्वों ने पहले उस मीटर को ईंटों से तोड़ा और फिर मीटर के ऊपर ही सुतली बम रख कर जला दिया। जिससे बम फटने से मीटर के परखच्चे उड़ गए। उसी दौरान तीसरी घटना में एक और घर के बिजली मीटर को तोड़ने कि कोशिश की गई जिससे मीटर चटक गया।