शिकोहाबाद। बीटीसी की छात्राओं का नाश्ता करते समय युवक ने वीडियो व फोटो खींच कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। जब छात्राओं ने अपने वीडियो सोशल मीडिया पर देखे तो हैरान रह गईं। पीड़ित दोनों छात्राएं शनिवार सुबह थाने पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने छात्राओं की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
नगर क्षेत्र के एक विश्वविद्यालय से एक ही परिवार की दो छात्राएं बीटीसी कर रही हैं। कुछ दिन पूर्व विश्वविद्यालय गईं थी। बाद में एक दुकान पर बैठ कर नाश्ता करने लगीं। नाश्ता करते समय युवक ने उनका वीडियो बना लिया और फोटो खींच लिया। युवक ने छात्राओं के नाश्ता करने के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिये। सोशल साइट्स पर छात्राओं के नाश्ता करते वीडियो देख कर कुछ लोगों द्वारा अभद्र कमेंट किए। आरोपी युवक ने उक्त फोटो व वीडियो छात्राओं के रिश्तेदारों को भी भेज दिए। जब छात्राओं को वीडियो व फोटो के सोशल साइट्स पर डालने की जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया। विरोध से नाराज युवक ने अपने परिजनों के साथ आकर छात्राओं के परिजनों से मारपीट कर दी। छात्राओं ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक उन्हें आए दिन परेशान कर छेड़छाड़ करता है। जिसके कारण उनका घर से निकलना भी दूभर हो गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह का कहना है कि छात्राओं के फोटो सोशल साइट्स पर डालने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।