फतेहपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के प्रश्नपत्रों का दूसरा सेट भी आ गया। शुक्रवार को डीआईओएस ने अपनी देखरेख में जिला कोषागार के डबल लॉक में प्रश्नपत्रों से भरे 59 बक्से सुरक्षित रखवाए। कौन से सेट से परीक्षा होगी, इसकी जानकारी परीक्षा के ऐन मौके पर होगी।
23 जनवरी को दो पालियों में होने वाली टीईटी प्रश्नपत्र का दूसरा सेट भी शुक्रवार को आ गया। स्टील के 58 ताला बंद बक्सों में आए प्रश्नपत्र डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह की देखरेख में जिला कोषागार में सुरक्षित कराए गए हैं।
इससे पहले 20 जनवरी को प्रश्नपत्रों का पहला सेट आया था। परीक्षा नियामक ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कौन सा सेट परीक्षा में इस्तेमाल होगा। पहली पाली में प्राथमिक स्तर की 24 केंद्रों में परीक्षा होगी, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर की दूसरी पाली में परीक्षा होगी।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा तैयारियां पूरी हो गई हैं। सभी केंद्रों को चार जोनों में बांटकर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ जिला स्तरीय अधिकारी स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले केंद्र पहुंचाए जाएंगे।