बिंदकी। कोतवाली क्षेत्र के जनता गांव के पास बुधवार रात पुलिस की 25 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हुआ है और उसे बिंदकी सीएचसी से हैलट रेफर किया गया है। साथी भागने में सफल हुआ है। पुलिस को मौके से एक तमंचा और पिस्टल का खाली खोखा बरामद हुआ है। एसपी राजेश कुमार सिंह और एएसपी राजेश कुमार ने मौके पर जांच की।
बिंदकी कोतवाली के खजुहा नहर के पास पीआरवी टीम मौजूद थी। तभी जहानाबाद की ओर से पहुंचे बाइक सवारों ने पीआरवी को देखकर फायर कर दिया और मौके से भाग निकले। पीआरवी ने बिंदकी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाल रविंद्र श्रीवास्तव और स्वॉट टीम प्रभारी विनोद मिश्रा ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जनता गांव के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। गोली एक बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया। तभी दूसरा बदमाश भाग निकला।
पुलिस ने घायल अलीम निवासी काजी टोला थाना जहानाबाद को गिरफ्तार किया। दूसरे बदमाश की तलाश में कांबिंग की। बिंदकी सीएचसी से घायल को कानपुर हैलट रेफर किया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी अलीम 2016 से गोकशी के मामले में जहानाबाद से वांछित है। उस पर जहानाबाद से 25 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी का साथी कयूम नट निवासी जहानाबाद है।
एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया पकड़े गए बदमाश अलीम को हैलट भेजा गया है। उसके खिलाफ पुलिस मुठभेड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के साथी की तलाश की जा रही है। फरार आरोपी ने पिस्टल से फायर किया था, जिसका खाली खोखा बरामद हुआ है। वहीं, आरोपी अलीम के पास से एक तमंचा बरामद हुआ है।