फतेहपुर। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों ने एक बार फिर से निर्बाध बिजली आपूर्ति का मुद्दा उठाया। कहा कि डीजल खर्च इतना बढ़ चुका है कि व्यवसाय करना महंगा होता जा रहा है। उत्पादन खर्च बढ़ने से मैटेरियल कास्ट बढ़ जाती है। इससे प्रोडक्ट की मार्केट वैल्यू पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
डीएम अपूर्वा दुबे ने निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी लंबित मामलों का जल्द निस्तारण कराएं। जिन लाभार्थियों के आवेदन अपात्र पाए गए हैं उनका स्पष्ट कारण बताएं। राइस मिल के संजीव गुप्ता के विद्युत कार्यों का सर्वे करके नियमानुसार कार्य कराने के निर्देश अधिशाषी
अभियंता को दिए। एलडीएम को जिन बैंकों में ऋण संबंधी पत्रावली लंबित हैं, उनके प्रबंधकों को बुलाकर पत्रावलियों का निस्तारण फौरी तौर पर कराने के निर्देश दिए। उद्यमियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने संबंधित अफसरों को अल्टीमेटम दिया। इस दौरान अन्य मामलों की समीक्षा कर अफसरों को निर्देशित किया। उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, उद्यमी सत्येंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।