बहुआ, जहानाबाद। अलग अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। हाईवे पर बहुआ कस्बे के पास मंगलवार रात ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल गए। जहानाबाद में कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई।
बहुआ प्रतिनिधि के अनुसार गंगईपार गांव निवासी राम किशोर उर्फ कल्लू पासवान (35) बाइक से बहन फूल कुमारी (32)पत्नी राजेंद्र पासवान और भांजी गुड़िया देवी (16) पुत्री विनोद कुमार निवासी कृष्णा नगर बहुआ को लेकर किछौछा गांव शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
बहुआ कस्बे में मैरिज हाल के सामने फतेहपुर से बांदा जा रहे ट्रक ने बाइख को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रामकिशोर ट्रक के आगे फंसकर करीब 20 मीटर दूर तक घसीटता चला गया और उसकी मौत हो गई। उसका हेलमेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बहन व भांजी भी घायल हो गए। चालक मौके से ट्रक छोड़कर भाग निकला।
जहानाबाद प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के मोहल्ला नयागंज निवासी मोहम्मद तैय्यब (46 ) कस्बे के ही कटरा चुनपुज निवासी रिक्शा चालक अरविंद कुमार (32 ) के साथ लालूगंज बाजार से नयागंज जा रहे थे। तभी रिक्शे में तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
डाक्टरों ने तैय्यब को मृत घोषित कर दिया। अरविंद की हालत चिंताजनक देखकर कानपुर हैलट रेफर किया है। पुलिस ने कार को पकड़ लिया है।