जहानाबाद। कृपालपुर गांव में नदी किनारे सोमवार सुबह एक युवक का शव मिला। कुछ ही देर में शव की पहचान हो गई और मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। भाई ने हत्या की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बकेवर थानाक्षेत्र के नरामऊ गांव निवासी नरेश गौतम (35) रविवार की सुबह घर से निकला था। लेकिन शाम तक नहीं लौटा। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिला। सुबह जहानाबाद थानाक्षेत्र के कृपालपुर गांव में नदी किनारे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा।
लोगों ने उसकी पहचान कर तुरंत नरेश के भाई परशुराम को खबर दी। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परशुराम की सूचना पर जहानाबाद पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परशुराम ने आशंका जताई है कि उसके भाई की किसी ने हत्या की है। बताया कि शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। इंस्पेक्टर जहानाबाद राकेश पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।