फतेहपुर। कलक्ट्रेट परिसर में अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश महामंत्री और वकील के बीच मारपीट हो गई। घटना से परिसर में अफरा-तफरी हो गई। दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के आईटीआई रोड निवासी मनोज त्रिवेदी हिंदू महासभा के प्रदेश महामंत्री हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह कलक्ट्रेट परिसर स्थित वकील संजय पांडेय के बस्ते पर बैठे थे। तभी वकील शाश्वत गर्ग पहुंचे और आरोप लगाया कि उनके पिता आदर्श व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप गर्ग के खिलाफ फेसबुक और व्हाट्सएप पर पोस्ट डाली है। इसी आरोप को लेकर शाश्वत
गाली-गलौज करने लगे और कुछ साथियों को बुला लिया। उनकी लात घूसों से पिटाई की। गले से सोने की चेन और जेब से 7340 रुपये लूट लिए। घटना देखकर कई वकील पहुंचे। मारपीट में उनका हाथ और दांत टूट गए हैं।
इसी दौरान मनोज त्रिवेदी के भाई बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अभिलाष त्रिवेदी पहुंचे। पूर्व अध्यक्ष शाश्वत गर्ग के बस्ते पर मामले को लेकर पहुंचे। जहां शाश्वत और पूर्व अध्यक्ष के बीच नोकझोंक हुई। उधर, शाश्वत गर्ग की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर बताया गया है कि वह बस्ते के पास स्टांप लेने गए थे। जहां पहले से मनोज त्रिवेदी चार-पांच लोगों के साथ बैठे थे। पुरानी रंजिश के चलते मनोज
गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर मारपीट की और लाइसेंसी रिवाल्वर से जान से मारने की धमकी दी। शाश्वत का आरोप है कि वह मनोज त्रिवेदी के खिलाफ एक मुकदमा लड़ रहे हैं। इसी रंजिश में मारपीट की और मुकदमे में पैरवी न करने की धमकी दी। मारपीट के दौरान उसके गले से सोने की चेन लूट ली गई। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया दोनों पक्षों की तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश महामंत्री मनोज त्रिवेदी ने अपने कार्यालय में बुधवार शाम प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से हिंदूवादी समाजसेवी होने के कारण जिले के मंदिरों में हो रहे अवैध कब्जों और रखरखाव की लड़ाई लड़ रहे हैं। बांके बिहारी मंदिर वर्तमान में जिलाधिकारी के नियंत्रण में संचालित हो रहा है। 20 जुलाई को ज्ञापन देकर मंदिर के रखरखाव और पवित्रता बनाए रखने की मांग की थी। आरोप है कि मंदिर की देखरेख करने वाले प्रदीप गर्ग ने ज्ञापन को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़कर माना और अपने बेटे को उकसा कर उनके साथ मारपीट कराई है। मंदिर में बिना उनकी अनुमति के कोई कार्यक्रम न कराने की धमकी दी है।