फतेहपुर। फौजी भाइयों और कांस्टेबल के घर चोरी की वारदात को चौबीस घंटे भी नहीं बीते कि चोरों ने वन दरोगा के घर से नगदी और जेवर समेत लाखों का माल पार कर दिया। वह परिवार सहित शादी समारोह में गए थे। देर रात लौटने पर घटना की जानकारी हुई। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज निवासी शिवराम सिंह यादव जहानाबाद क्षेत्र में वन दरोगा हैं। मूलरूप से जाफरगंज के समसपुर निवासी हैं। जोनिहा गांव के रेवाड़ी में यह फुफेरे भाई की शादी में शामिल होने पत्नी के साथ गए थे। वन दरोगा ने बताया कि वह रात लगभग दो बजे लौटे। नीचे कमरे में बैंक कर्मी किराएदार हैं। दूसरी मंजिल पर जाने लगे तो सीढ़ियों के दरवाजे और लॉक को तोड़ने का प्रयास होता दिखा। चाभी लगाने पर दरवाजा नहीं खुला। चोरों के अंदर होने की आशंका पर उन्होंने पड़ोसी का घर खुलवाया। पड़ोसी की छत से अपनी छत पर आए। सीढ़ियों के रास्ते से नीचे पहुंचे। बरामदे और कमरे का दरवाजा टूटा था। चोर तो नहीं मिले अलबत्ता कमरे में अलमारी का लॉकर टूटा था। सामान बिखरा था। जेवरात, नकदी चोरी हो चुका था। कयास लगाया गया कि चोर नीचे की सीढ़ियों का दरवाजा न खुलने पर सीढ़ियों को बंद करने वाले फ्रंट की खिड़की से बाहर आकर बरामदे तक पहुंचे। उसके बाद कमरे का ताला तोड़कर घुसे होंगे। करीब 55 हजार रुपये, सोने की पांच अंगूठी, दो चेन, दो मंगलसूत्र, एक हाजर, बेंदी, दो जोड़ी कंगन, पांच जोड़ी सेट कान का और दो किलो चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं। पत्नी तीन अंगूठी समेत काफी जेवर शादी में पहन कर गई थी। पीड़ित के मुताबिक करीब दस लाख का माल चोरी हुआ है। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि चोरियों पर अंकुश लगाने के प्रयास किया जा रहा है।
मौके से चप्पल, सैंडिल और लोहे की रॉड बरामद हुई
शातिर चोर वारदात के बाद पुलिस के लिए चप्पल और सैंडिल छोड़ गए हैं। एक लोहे की रॉड भी बरामद हुई है। घर में घुसने के लिए चोरों को सीढ़ियों का रास्ता नहीं खुुला था। इसी वजह से सीढ़ियों के सामने के फ्रंट की खिड़की का इस्तेमाल किया और बरामदे तक पहुंचे। सीढ़ी में चोरों की चप्पल और सैंडिल छूटी मिली है। ताले तोड़ने के लिए रॉड का इस्तेमाल किया। पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ चालू की है। चप्पल, सैंडिल से चोरों की नाप कराएगी।
इनसेट-
मार्च में हुई चोरी की वारदातें
एक मार्च शहर के सैयदवाड़ा मोहल्ले में मोहम्मद वासिफ के घर से लाखों की चोरी
एक मार्च हुसैनगंज में सुभज्ञान के मोबाइल शॉप में चोरी
एक मार्च सुल्तानपुर घोष किराना कारोबारी की दुकान में चोरी
दो मार्च विजयीपुर में शराब दुकान में चोरी
दो मार्च शहर के मुराइनटोला में चोरी
छह मार्च औंग के गढ़ीकीचकपुर में रवी सिंह के घर से चोरी
सात मार्च राधानगर में कांस्टेबल के घर में चोरी
सात मार्च अमौली में फौजी भाइयों के घर से चोरी
---------------