फतेहपुर। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बुधवार दोपहर बाइक सवार भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में छोटे भाई की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई घायल हुआ है। दोनों स्नातक की परीक्षा देने शिवपुरी महाविद्यालय जा रहे थे। चालक हेलमेट लगाए था।
गाजीपुर थानाक्षेत्र के डुंडरा गांव निवासी नीरज यादव (22) और उसका बड़ा भाई मयंक यादव (25) खखरेरू स्थित शिवपुरी महाविद्यालय बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। मयंक ने बताया कि खखरेरू के साधुवापुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
दोनों बाइक समेत गिर गए। ट्रैक्टर का पहिया नीरज पर चढ़ गया। हादसा देखकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस आने से पहले नीरज की सांसें थम र्गइं। मयंक को भी चोटें आई हैं। मयंक हेलमेट लगाए था।
मयंक बीएससी द्वितीय वर्ष और नीरज बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा देने जा रहा था। नीरज की मौत से मां केशा देवी, बहन पूजा का हाल बेहाल है। मृतक के पिता बृजमोहन कृषि करते हैं। उनका दोनों बेटे हाथ बंटाते थे। मयंक ने बताया उसकी बहन पूजा की सर्दियों में शादी तय है। परिवार के लोग तैयारी में जुटे थे। थानाध्यक्ष दीप नारायण सरोज ने बताया ट्रैक्टर और चालक का पता लगा है। जल्द ही चालक की गिरफ्तारी की जाएगी।