फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल की ओपीडी में पर्चा बनवाने की लाइन में शनिवार को दो महिलाएं भिड़ गईं। भीड़ होने से धक्का-मुक्की भी होती रही। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को शांत कराया। दोपहर बाद तक लंबी कतारें लगी रहीं।
बुखार और मौसमी बीमारियों के कारण लोहिया अस्पताल की ओपीडी में भीड़ लग रही है। शनिवार को भी 580 मरीज पहुंचे। पर्चा बनाने के लिए दो काउंटर होने से बुजुर्ग महिलाएं घंटों पर्चा नहीं बनवा पाती हैं। शनिवार को करीब 11 भीड़ बढ़ने पर महिलाओं की लाइन में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ महिलाएं लाइन के बाहर से पर्चा बनवाने का प्रयास करने लगीं। दो महिलाओं ने काउंटर में हाथ डाल दिया। इस पर लाइन में लगी महिलाएं उनसे भिड़ गईं। विवाद होता देख स्वास्थ्य कर्मी और सिपाहियों ने महिलाओं को समझाकर खिड़की से हटाया।
उधर, सुबह 10 बजे तक फिजीशियन न होने से मरीज इंतजार करते रहे। मरीजों ने बताया कि कर्मचारी राउंड पर होने की बात कह रहे हैं। आर्थो सर्जन भी अपनी सीट पर करीब 11 बजे बैठे। तब मरीजों को देखा जा सका। सीएमएस डॉ. राजकुमार गुप्त ने बताया कि दो ईएमओ मिल गए हैं। सीएमओ ने दो और डॉक्टर देने का आश्वासन दिया है। यदि डॉक्टर मिल गए, तो काफी सहूलियत मिल जाएगी।