महिला की मौत, दहेज हत्या का आरोप
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। संदिग्ध हालात में एक महिला की मौत हो गई। भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर बहनोई सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पति व ससुर को कोतवाली में बैठा लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव करथिया निवासी विकास का भाई अंशू से रविवार सुबह विवाद हो गया था। बीचबचाव करने पहुंची विकास की पत्नी रीता देवी (24) को धक्का लग गया और वह जीने से गिर गई। उसके सिर पर गंभीर चोट आई। परिजन उसे नर्सिंग होम में ले गए।
हालत गंभीर होने पर रात को लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टर ने रीता को मृत घोषित कर दिया। विकास ने इसकी सूचना जनपद हरदोई थाना हरपालपुर के गांव टिकैया निवासी ससुर बच्चूलाल को दी। जानकारी मिलते ही बच्चूलाल अपने पुत्र जितेंद्र प्रकाश व अन्य परिजनों के साथ करथिया पहुंचे।
जितेंद्र ने बताया कि फरवरी 2019 में बहन रीता की शादी विकास के साथ की थी। ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग कर उसे प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर इन लोगों ने रीता की हत्या कर दी है। सोमवार सुबह फोरेंसिक टीम के वैज्ञानिक ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और नमूने एकत्र किए।
सीओ मोहम्मदाबाद सोहराब आलम ने परिजनों से मामले की जानकारी ली। सीओ के आदेेश पर पुलिस ने पति विकास व ससुर को कोतवाली में बैठा लिया।
भाई जितेंद्र प्रकाश ने बहन के पति विकास, देवर अंशू, आकाश, अंशू की पत्नी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया।
आरोप लगाया कि इन लोगों ने मारपीट कर बहन की हत्या कर दी है। दो दिन पहले रीता ने फोन करके बताया कि ससुरालीजन दहेज में बाइक की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।