फर्रुखाबाद। सेवानिवृत्त कर्मचारी ने दस लाख रुपये की चोरी के खुलासे के लिए रुचि लेने का फतेहगढ़ कोतवाल पर आरोप लगाकर एसपी से शिकायत की है। एसपी ने अब घटना के खुलासे के लिए एसओजी को जिम्मेदारी सौंपी है। पीड़ित ने सीसीटीवी कैमरे में कैद दो चोरों के फुटेज भी पुलिस को दे दिए थे। इसके बाद भी पुलिस अब तक खाली हाथ है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगला नैन निवासी सेवानिवृत्त चकबंदी कर्मचारी रामकृष्ण शर्मा के घर से चोर 12 सितंबर की रात दस लाख के जेवर व नगदी चोरी करके ले गए थे। कर्मचारी बेटी को दवा दिलाने के लिए गए थे। रामकृष्ण ने एसपी अशोक कुमार मीणा को प्रार्थना पत्र देकर फतेहगढ़ कोतवाल जय प्रकाश पाल पर चोरी के खुलासे में रुचि न लेने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं। इसमें दो युवक चोरी करते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने एक युवक से पूछताछ के बाद छोड़ दिया। जब भी खुलासे के संबंध में बात की तो केवल आश्वासन ही दिया गया। एसपी ने एसओजी प्रभारी जेपी शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी है। एसओजी ने इस मामले में दो लोगों को पकड़कर पूछताछ भी शुरू कर दी है।