पुलिस गिरफ्त में खड़े गोली मारने के आरोपी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। घरों की तरफ मुंह करके पेशाब करने से रोकन पर हुए विवाद में ढाबा कारीगर को गोली मारने में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से पिस्टल, पांच कारतूस, बाइक और स्कूटी भी बरामद कर ली है। निजी अस्पताल में घायल की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
शहर के मोहल्ला लालगेट निवासी पांचाल घाट स्थित ढाबा के कारीगर आशू उर्फ अंशुल को सोमवार देर रात गोली मारकर घायल कर दिया गया था। ढाबा संचालक संजीव कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि राजेपुर के भरखा निवासी रावेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद सिंह, सूरज उर्फ महादेव सिंह व आशीष तथा अमृतपुर के गांव रूलापुर निवासी लालेंद्र कुमार बाइकों और स्कूटी से होटल पर पहुंचे। पास में ही रह रहे परिवारों की तरफ मुंह करके पेशाब करने लगे। ढाबा कारीगर लालगेट निवासी आशू उर्फ अंशुल ने आड़ में पेशाब करने को कहा, तो वह गाली गलौज करने लगे। पांचों ने अंशुल को दबोच लिया और पीटने लगे। दबंगों ने उसके पेट में गोली मार दी। संजीव ने साथी कारीगरों के साथ घायल को लोहिया में भर्ती कराया।
घटना के बाद कोतवाल विनोद शुक्ला और पांचाल घाट चौकी प्रभारी भोलेंद्र चतुर्वेदी ढाबा पर पहुंचे। बताया गया कि आरोपी नोनमगंज की तरफ भागे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सूरज उर्फ महादेव सिंह, रावेंद्र प्रताप सिंह, अरविंद सिंह व लालेंद्र कुमार को दबोच लिया। रावेंद्र के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल व पांच कारतूस, दो स्कूटी, दो बाइकें बरामद कर ली गईं। सीओ अमृतपुर अजेय शर्मा ने बताया कि चार आरोपी गिरफ्तार कर लिए। फरार आशीष को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा। घायल अंशुल की हालत में सुधार है।
पिस्टल स्वामी आशीष पर भी मुकदमा दर्ज
पुलिस ने पिस्टल के बारे में पूछताछ की, तो लाइसेंस नहीं दिखा सके। आरोपियों ने बताया कि इस पिस्टल का लाइसेंस राजेपुर के गांव भरखा निवासी आशीष के नाम है। वह मांग कर पिस्टल लाए थे। पुलिस ने आशीष के खिलाफ भी अलग से मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।