फर्रुखाबाद। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सैनिक की पत्नी ने कंपिल थानाध्यक्ष, दरोगा समेत 10 पर सीजेएम कोर्ट में परिवाद दर्ज कराया है। इसमें विवादित जमीन की चाहर दीवारी गिराने का विरोध करने पर उसे व उसके पति के साथ मारपीट का आरोप लगाया है।
कंपिल थानाक्षेत्र के मोहल्ला माझगांव निवासी शनीता बेगम ने मोहल्ले के कबीर, अजम खां, फतेह खां, नकीब खां, खुर्शीद, हसीब, समीर, नोहिल, कंपिल थानाध्यक्ष आरबी सिंह और दरोगा मंगलसिंह के खिलाफ कोर्ट में अर्जी दायर की थी। आरोप लगाया कि पति आबिद खां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में सिपाही हैं। उनका कबीर व अन्य से जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा है।
26 अगस्त 2021 को आरोपियों ने एसओ व दरोगा से मिलकर विवादित जमीन की चाहर दीवारी तोड़ दी। पति ने विरोध किया तो एसओ व दरोगा ने मारपीट की। पति का शांतिभंग में चालान कर दिया। इसकी शिकायत एसपी से करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अर्जी पर सुनवाई के बाद सीजेएम के आदेश पर मामला परिवाद में दर्ज किया गया है।