रोडवेज बस स्टैंड पर जूसबार के लिए हो रहा निर्माण।
- फोटो : FARRUKHABAD
अब बस यात्रियों को मिलेगा हिमाचली फलों का जूस
फर्रुखाबाद। अब रोडवेज बस यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। विदेशी कंपनियों के एनर्जी ड्रिंक को मात देने के लिए रोडवेज बस स्टैंड पर हिमाचली फलों का जूस मिलेगा। इसके लिए जूस बार (किओस्क) का निर्माण शुरू हो गया है।
जूस बनाने की संस्था हिमाचल प्रदेश विपणन निगम (एचपीएमसी) का बीते महीने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम से करार हो गया है। प्रदेश के सभी रोडवेज बस स्टैंडों पर एचपीएमसी जूस बार खोलेगी। इसी के तहत स्थानीय रोडवेज बस स्टैंड के पूर्वी गेट के पास निर्माण कार्य शुरू किया गया है।
निगम की ओर से बनाए जा रहे जूस बार का काम देख रहे बाबू जायसवाल ने बताया कि जूस बार टोकरी के आकार का होगा। इसकी डिजाइन विदेशों के जूस बार की तरह होगी। यहां अचार, चटनी, पैक फलों के रस आदि उत्पाद भी बेचे जाएंगे। एचपीएमसी यह काम मार्केटिंग एजेंसी ओशियानो ग्राफिक्स की सहभागिता से कर रहा है।
बार में हिमाचल प्रदेश के लगभग सभी फलों के जूस उपलब्ध होंगे। इससे दूरदराज से आने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी मिलावटी जूस से निजात मिल जाएगी। अगस्त के प्रथम सप्ताह में इसे चालू करने की योजना है। एआरएम आरसी यादव ने बताया कि सरकार से समझौते के आधार पर जूस बार खोला जाएगा।