शमसाबाद के गांव दलेलगंज के सामने सड़क पर जाम लगाए बैठी महिलाए और खड़ा पुलिस फोर्स। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। बुखार की दवा लेकर लौट रहे अधेड़ की रविवार को गन्ना लदे ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने चालक की पिटाई कर पुलिस ने हवाले कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। एसडीएम ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम में करीब एक घंटे तक रोडवेज बस समेत कई वाहन फंसे रहे।
गांव दलेलगंज निवासी लालाराम शाक्य (46) को तीन दिन से बुखार था। रविवार को वह साइकिल पर फैजबाग से दवा लेकर लौट रहे थे। रास्ते में गन्ना लेकर रूपापुर चीनी मिल जा रहे ट्रक ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में मौके पर ही लालाराम की मौत हो गई। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पिटाई कर दी फिर मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना पर लालाराम के परिजन और ग्रामीणों भी पहुंच गए। उन्होंने शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची कायमगंज व नवाबगंज पुलिस ने परिजनों को समझाया लेकिन वह नहीं माने।
कुछ देर बाद एसडीएम गौरव शुक्ला मौके पर पहुंचे। उन्होंने यथा संभव मदद और कृषक योजना के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लालाराम के परिवार में पत्नी मीरा देवी, बेटी सुहागा, संध्या, साधना, सुमन और पुत्र गुलशन है।
जाम लगने से खड़े वाहन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD