कायमगंज। गांव मुड़ौल के निलंबित कोटेदार विभाग की चेतावनी नोटिस के बाद भी तीन माह का बाकी राशन संबद्ध कोटेदार को नहीं दे रहा है। इससे ग्रामीणों को भी राशन नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत करते हुए राशन की कालाबाजारी की आशंका जताई है।
क्षेत्र के गांव मुड़ौल में राशन की दुकान घटतौली के आरोप में बीती 10 जनवरी को निलंबित कर दी गई थी। इसके बाद यह दुकान पड़ोस के गांव लखनपुर की राशन दुकान से संबद्ध कर दी गई। निलंबित कोटेदार को बाकी राशन लखनपुर के कोटेदार को देने के लिए आपूर्ति विभाग ने आदेश किया था।
इसके बाद भी राशन नहीं दिया गया तो क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने 22 जनवरी को निलंबित कोटेदार को चेतावनी नोटिस जारी किया। इसमें कहा गया कि यदि बकाया राशन न दिया तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ढाई माह गुजरने के बावजूद अभी तक निलंबित कोटेदार ने राशन जमा नहीं कराया है। मंगलवार को गांव मुड़ौल के ग्रामीण मुकेश कुमार ने डीएम व एसडीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण का कहना है कि निलंबित कोटेदार राशन जमा नहीं करा रहा है।
इससे स्पष्ट है कि उसने तीन माह के बाकी राशन की कालाबाजारी कर दी है। उन्होंने कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शरद दुबे ने बताया कि निलंबित कोटेदार को नोटिस जारी किया जा चुका है। उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। एक नोटिस और जारी किया जाएगा। यदि बाकी राशन जमा नहीं कराया तो कार्रवाई की जाएगी।