फर्रुखाबाद जिले में स्कूल बंक कर शनिवार दोपहर दुर्वासा ऋषि आश्रम पर गंगा नहाने गए छह दोस्त नदी में डूब गए। पानी के उछाल के साथ दो उथले स्थान पर आ गए और दो को स्नान कर रहे साधु ने अपनी लाठी पकड़ाकर बचा लिया लेकिन दो छात्र डूब गए।
नौ गोताखोरों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक तलाश की लेकिन पता नहीं चला। नदी में गहराई और बहाव तेज होने से गोताखोरों के पैर तली पर नहीं टिक पा रहे थे। गांव जसमई धर्मशाला के अभय राठौर (17), सचिन मिश्रा (17), आयुष उर्फ लवी (17), रेलवे क्रासिंग निवासी गौरव (18), देवेश (16) और गढ़ी अशरफ अली निवासी अभिषेक शाक्य (16) दोस्त हैं।
सभी शनिवार सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकले थे। स्कूल जाने के बजाए सभी पांचाल घाट पहुंच गए। नाव से गंगा पार की और दुर्वासा ऋषि आश्रम पर बैग रखकर गंगा नहाने लगे। गहराई में जाने से सभी छात्र डूबने लगे।
पानी के वेग में उछलकर देवेश और सचिन उथले स्थान पर पहुंच गए। आयुष और अभिषेक को स्नान कर रहे एक साधु ने अपनी लाठी पकड़ाकर बचा लिया। किंतु अभय और गौरव डूब गए। जानकारी होने पर आसपास के लोग और पांचाल घाट चौकी प्रभारी हरिओम प्रकाश त्रिपाठी पहुंच गए।