फर्रुखाबाद। मसेनी चौराहे पर नाला खोदाई के दौरान जेसीबी से पाइपलाइन टूट गई। इससे 10 मोहल्लों के 5000 घरों में पेयजलापूर्ति ठप हो गई। भीषण गर्मी में लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरम्मत न होने की वजह से बुधवार सुबह भी पानी की आपूर्ति बंद रहेगी।
नगर पालिका परिषद मसेनी चौराहे से नेकपुर कलां की ओर नाला खोदाई का काम करवा रही है। मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे जेसीबी से खोदाई करते समय सीमेंट की पाइपलाइन टूट गई। शाम करीब छह बजे जब पानी की आपूर्ति शुरू हुई तो पाइप से पानी की मोटी धार बहने लगी।
इस पर आपूर्ति बंद करवा दी गई। मसेनी, प्रीतमनगला, राजन नगला, बाग लकूला, गिहार बस्ती, बंधौआ, भोलेपुर, नेकपुर कलां और एसआर कोल्ड स्टोरेज रोड पर आपूर्ति ठप हो गई। इन मोहल्लों में करीब पांच हजार कनेक्शन हैं।
भीषण गर्मी में पेयजलापूर्ति ठप होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शाम को पानी की आपूर्ति न होने की वजह से हैंडपंपों पर लंबी कतारें लगी रहीं। जोन प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि रात में मरम्मत का काम नहीं हो पाएगा। इस कारण बुधवार सुबह भी पेयजल आपूर्ति बंद रहेगी। शाम को आपूर्ति सुचारु करने की कोशिश की जाएगी। जेई जलकल गौरव मिश्रा ने बताया कि शीघ्र ही मरम्मत करवाकर आपूर्ति बहाल करवा देंगे।
टेलीफोन की लाइनें भी टूटीं
नाला खोदाई के वक्त टेलीफोन की लाइनें भी कट गईं। इससे कई क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बंद हो गई। सूचना मिलते ही संबंधित कंपनी के कर्मियों ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया।